नई दिल्ली : यहां कस्टम अधिकारियों ने एक महिला पैसेंजर समेत चार पैसेंजरों को गोल्ड की स्मगलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 8 किलो 455 किलो सोना जब्त किया गया है। इसकी कीमत 2.36 करोड़ रुपये है। इनमें से एक ने अपनी पगड़ी के अंदर सोना छिपाया हुआ था।
आईजीआई एयरपोर्ट के कस्टम कमिश्नर अरुण कुमार ने बताया कि गिरफ्तार यात्रियों में लुधियाना निवासी सुप्रिया और विनय गुप्ता, झुंझनू (राजस्थान) का रहने वाला श्रवण सैनी एवं हरिद्वार निवासी आशीष सिंह शामिल हैं। कस्टम अधिकारियों ने बताया कि इनमें से आशीष ने अपनी पगड़ी के अंदर 455 ग्राम सोने की तीन बार को छिपा रखा था। वह जैसे ही ग्रीन चैनल से पार होने की कोशिश कर रहा था, तभी डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से बीप की तेज आवाज आई। उसे जांच के लिए रोका गया। कहीं कुछ नहीं निकला। बाद में जब पगड़ी की जांच कराने के लिए कहा गया तो उसने इसमें आनाकानी की। पगड़ी के अंदर से सोना बरामद किया गया। आशीष थाई एयरवेज की फ्लाइट पकड़कर बैंकॉक से दिल्ली आया था।
महिला यात्री सुप्रिया के पास से तीन किलो सोना बरामद किया गया है। यह अपने एक अन्य साथी विनय के साथ दुबई से एमिरेट्स एयरलाइन की फ्लाइट से दिल्ली आई थी। विनय के पास दो किलो सोना बरामद किया गया। इन दोनों के बारे में कस्टम विभाग के पास पहले से ही इनपुट था कि ये गोल्ड की स्मगलिंग कर रहे हैं। इनके अलावा इंडिगो की फ्लाइट से दुबई से दिल्ली आए श्रवण के पास से भी तीन किलो सोना बरामद किया गया है।