मुंबई एयरपोर्ट पर 53 लाख का गोल्ड जब्त

मुंबई : मुंबई एयरपोर्ट पर गोल्ड की तस्करी में एक बार फिर बढ़ोतरी देखी जा रही है। कस्टम अधिकारियों के अनुसार जनवरी में गोल्ड की तस्करी में आई कमी के बाद एक बार फिर इसमें इजाफा होने से वित्तीय वर्ष 2014-15 के खत्म होने तक एक हजार किलोग्राम गोल्ड जब्त हो सकता है।
गौरतलब है कि फरवरी में एयरपोर्ट पर गोल्ड की तस्करी के लगभग बीस मामले देखे गए हैं। इसी कड़ी में गुरुवार रात तीन मामलों से लगभग 53 लाख रुपये का गोल्ड जब्त किया गया। पहले मामले में गल्फ एयरवेज की फ्लाइट संख्या 056 द्वारा बहरीन से आए अकील अहमद अंसारी के पास से 700 ग्राम अवैध गोल्ड जब्त किया गया। इसका भाव 17,45,212 रुपये है।
बिचौलिया भी पकड़ा
थाई एयरवेज की फ्लाइट संख्या 317 से बैंकॉक से आई राखी मांजरेकर को 697 ग्राम गोल्ड की तस्करी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इसी विमान से आए संजय सुर्वे से 705 ग्राम गोल्ड के दो पीस जब्त किए गए। इनका बाजार भाव 17,57,675 रुपये आंका गया। सूत्रों के मुताबिक इन दोनों का एक और साथी सुरेश सिंह भी था। सिंह को इन दोनों से गोल्ड लेना था और वह इंटरनैशनल एयरपोर्ट के बाहर इन दोनों का इंतजार कर रहा था। राखी मांजरेकर की निशानदेही पर सुरेश सिंह को टर्मिनल टू के अराइवल गेट से हिरासत में लिया गया।
स्रोत ; नवभारत टाइम्स
You are Visitor Number:- web site traffic statistics