एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी में नौ लोग गिरफ्तार

नई दिल्ली:

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आइजीआइ) एयरपोर्ट पर सोना तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में कस्टम ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। रियाद से भारत आए आठ तस्करों को टर्मिनल के अंदर से, जबकि एक को बाहर से दबोचा गया। उनके पास से सोने के 13 बिस्कुट बरामद किए गए हैं। 1296 ग्राम भार के सोने की कीमत करीब 63 लाख रुपये है। धरे गए दो आरोपित पहले भी तस्करी में लिप्त रहे हैं, जबकि सात कामगार हैं।एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी में नौ लोग गिरफ्तार

आइजीआइ एयरपोर्ट के वरिष्ठ कस्टम अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह रियाद से आए सात संदिग्ध कामगार टर्मिनल से बाहर निकलने की जुगत में थे। तभी कस्टम अधिकारियों ने उनकी तलाशी ली। उनके पास से सोने के नौ बिस्कुट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि रियाद में एक शख्स ने उनका टिकट कराया था। उसने ही सोने के बिस्कुट उन्हें दिए थे। ऐसी ही एक अन्य घटना शनिवार दोपहर घटी थी। रियाद से आए एक संदिग्ध शख्स को कस्टम अधिकारियों ने दबोचा था। उसके पास से 348 ग्राम भार के सोने के चार बिस्कुट बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि सोने के बिस्कुट टर्मिनल के बाहर मौजूद शख्स को देने थे। इसके बाद कस्टम ने तस्कर का इंतजार कर रहे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया। कामगारों की मदद से की जा रही सोना तस्करी

वरिष्ठ कस्टम अधिकारी ने बताया कि कोरोना काल में तस्कर कामगारों की मदद से सोना तस्करी करने में जुटे हुए हैं। वे विदेश में फंसे कामगारों को भारत भेजने के बदले अपना कुछ सामान उन्हें दे देते हैं। उन्हें बताया जाता है कि कोई शख्स उक्त सामान एयरपोर्ट के बाहर उनसे ले लेगा। सामान में सोना या प्रतिबंधित चीज होने की जानकारी भी कामगारों को नहीं होती है। इससे पहले भी एयरपोर्ट पर विदेशी सिगरेट के साथ 15 कामगारों को गिरफ्तार किया गया था।

 

सौजन्य से: दैनिक जागरण

You are Visitor Number:- web site traffic statistics