नयी दिल्ली : भारतीय राजस्व सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों संदीप मोहन भटनागर और अशोक कुमार पांडेय को केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमाशुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) का सदस्य बनाया गया है। कार्मिक मंत्रालय ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। पांडेय 1983 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (सीमा शुल्क एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क) के अधिकारी हैं जबकि भटनागर 1984 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं। आदेश में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति संबंधी समिति ने उनकी नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। सीबीआईसी के बोर्ड में एक चेयरमैन और उसके अलावा अधिकतम छह सदस्य हो सकते हैं। इन नियुक्तियों के बाद बोर्ड में लोगों की संख्या पूरी हो गई है।