बिहार के रास्ते इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट के बनेंगे चार नए चेकपोस्ट

 

Image result for इम्पोर्ट-एक्सपोर्टपटना। बिहार के रास्ते निर्यात और आयात के लिए अब चार नए चेक पोस्ट बनाए जाएंगे। केन्द्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क विभाग इस आशय का प्रस्ताव दे दिया है। केन्द्र सरकार ने तत्काल प्रभाव से एक चेक पोस्ट निर्माण की मंजूरी भी दे दी है।

नेपाल और बंगला देश से आयात-निर्यात के लिए बिहार में 12 जगहों पर सीमा शुल्क विभाग का चेक पोस्ट कार्यरत है। नए चेक पोस्ट के निर्माण होने के बाद बिहार की सीमा पर 16 जगहों से अवैध कारोबार की निगरानी की जा सकेगी। केन्द्र सरकार ने बाल्मिकी नगर में नए नाका के निर्माण के लिए मंजूरी भी दे दी है। यहां शीघ्र कार्य आरंभ होने की संभावना है। बिहार चैम्बर आॅफ कामर्स लंबे समय से नेपाल से कारोबार के लिए चेक पोस्ट की संख्या बढ़ाने की मांग करते रहा है। मांग के अनुसार सीमा शुल्क विभाग ने अररिया, किशनगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिले में एक-एक नया चेक पोस्ट का प्रस्ताव दिया है। इसमें सबसे पहले बाल्मिकी नगर में निर्माण होगा।
केन्द्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क विभाग के आंकड़े के अनुसार बिहार के रास्ते नेपाल से सालाना करीब 25 हजार करोड़ से अधिक का कारोबार हो रहा है। अब नए नाका चालू होने के बाद निर्यात और आयात कारोबार में वृद्धि होगी। अवैध रूप से कारोबार पर नियंत्रण में मदद मिल सकती है।

सौजन्य से : दैनिक जागरण