नई दिल्ली, जेएनएन। आइजीआइ एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी में एक भारतीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। वह इंफाल से दिल्ली आया था। तलाशी में उसके पास से 505 ग्राम भार का सोने का पेस्ट और एक बिस्कुट बरामद हुआ है। इसकी कीमत 22.25 लाख रुपये है। उक्त सोना इंफाल में दुबई से आए तस्कर के साथी ने उसे दिया था। उसने सोना निजी अंगों में छुपा रखा था।
आइजीआइ एयरपोर्ट के कस्टम अधिकारी ने बताया कि घटना 11 फरवरी की है। इंफाल से एयर इंडिया की उड़ान आइजीआइ एयरपोर्ट पर आइ थी। इससे उतरा एक संदिग्ध शख्स एयरपोर्ट से निकलने की जुगत में लगा था। तभी डोमेस्टिक अराइवल गेट पर उसे दबोच लिया गया। सामान की तलाशी लेने पर उसके पास से कुछ भी नहीं मिला।

छानबीन में पता चला कि उसने निजी अंग में सोना छुपा रखा है। जिसके बाद उसके पास से सोने का पेस्ट और एक बिस्कुट बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला की तस्कर सोना तस्कर गिरोह से जुड़ा है। वह पहले भी 750 ग्राम सोने की तस्करी कर चुका है। उन्होंने बताया कि कस्टम अधिकारी दुबई से आने वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रख रहे हैं।
लिहाजा तस्कर गिरोह के सदस्य अधिकारियो को चकमा देने के लिए रूट बदलकर पहले अन्य एयरपोर्ट पर आते हैं। बाद में अन्य तस्कर के माध्यम से सोना दिल्ली भेजा जाता है। कस्टम विभाग ने कस्टम एक्ट के तहत सोना जब्त कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। आइजीआइ एयरपोर्ट से इस तरह की तस्करी के मामले अधिक होते हैं इस वजह से यहां पर पुलिस भी काफी सर्तक रहती है। पुलिस यहां आने जाने वाले हर संदिग्ध और उसकी गतिविधियों पर खास नजर रखती है। यदि किसी पर शक होता है तो तत्काल उससे पूछताछ की जाती है।
सौजन्य से: दैनिक जागरण