दुबई से आ रहा था 21 किलो सोना, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली : इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (आइजीआइ) पर कस्टम विभाग ने विदेश से अवैध सोना देश में लाने पर दो यात्रियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 21 किलो 600 ग्राम सोना बरामद किया गया है। इसकी कीमत 5 करोड़ 86 लाख रुपये आंकी गई है।
आइजीआइ कस्टम कमिश्नर अरुण कुमार ने बताया कि 19 अप्रैल को दुबई से अमीरात एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या ईके-516 दिल्ली आई थी। उससे दो भारतीय यात्री मो. कमरुद्दीन और गुलाब अनवर उतरे थे। दोनों यात्री ग्रीन चैनल पार कर एयरपोर्ट से बाहर निकलने की जुगत में थे। तभी शक होने पर कस्टम अधिकारियों ने उन्हें दबोच लिया। उनके बैगेज की तलाशी लेने पर उनसे 21 किलो 699 ग्राम सोना बरामद हुआ। उन्होंने विदेश से लाए सोने के बारे में कोई जानकारी कस्टम को नहीं दी थी। यात्रा के कागजात पर भी सोना संबंधी सूचना दर्ज नहीं की गई थी। लिहाजा, कस्टम एक्ट 1962 के तहत सोना जब्त कर दोनों यात्रियों को कस्टम ने गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी लाए गए सोने के बारे में यात्रियों से पूछताछ कर रहे हैं।
स्रोत : दैनिक जागरण
You are Visitor Number:- web site traffic statistics