अंडरगारमेंट में 83 लाख के गोल्ड के साथ महिला गिरफ्तार

मुंबई (25 अगस्त) :मुंबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को एक भारतीय महिला को गिरफ्तार किया गया जो साढ़े तीन किलोग्राम सोना तस्करी के ज़रिए देश में लाने की कोशिश कर रही थी। इस सोने की कीमत 83 लाख रुपये आंकी गई है। कस्टम अधिकारियों ने फाती मुत्थु रूबीना नाम की महिला को गिरफ्तार किया, जिसका पासपोर्ट नंबर- जी-0328195 है।gold-sun-taskari
मिडडे की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई कस्टम्स की एयर इंटेलीजेंस यूनिट ने ये गिरफ्तारी की। महिला केरल के कसारगौड की रहने वाली है। सोमवार सुबह वो जेट एयरवेज़ की फ्लाइट से दुबई से मुंबई आई थी।
तलाशी के दौरान 39 वर्षीय रूबीना के पास से 30 तोला सोने की छड़ मिली। सोने का कुल वजन 3495 ग्राम था। इसकी कीमत 83,41,604 रुपये आंकी गई। रूबीना ने सोने को प्लास्टिक के तीन छोटे कंटेनर्स में डालकर अंडरगारमेंट्स में छुपा रखा था। जांच से पता चला कि ये महिला थोड़े थोड़े अंतराल पर विदेश से आती-जाती रहती है।
रूबीना ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। उसे डेढ़ लाख रुपये की ज़मानत पर रिहा किया गया। एक अधिकारी के मुताबिक जांच जारी है इसलिए इस बारे में फिलहाल ज़्याद कुछ नहीं कहा जा सकता।
एक अधिकारी ने कहा कि सोने की तस्करी के 75 फीसदी मामले केरल के कसारगौड और कोझीकोड ज़िले में रहने वाले लोगों से जुड़े मिले। इनके बाद कर्नाटक के भटकल ज़िले का नंबर आता है।

You are Visitor Number:- web site traffic statistics