नई दिल्ली : आइजीआइ एयरपोर्ट पर कस्टम ने सोने की तस्करी में एक यात्री को गिरफ्तार किया है। आरोपी यात्री दुबई से भारत आया था। उसनी पैंट में गुप्त रूप से बनाई गई पैकेट में सोने के जेवरात छुपा रखे थे। सोने की अंगूठी पहचान में न आए इसके लिए उसने उसपर सफेद रंग की धातु का पेंट भी करा दिया था। बावजूद इसके वह कस्टम अधिकारियों के हत्थे चढ़ गया। तस्कर के पास से कुल 3170 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं। इसकी कीमत 81 लाख से ज्यादा है। कस्टम ने 1962 एक्ट के तहत सोना जब्त कर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
कस्टम कमिश्नर आइजीआइ अरुण कुमार ने बताया कि आरोपी तस्कर 1 फरवरी को दुबई से दिल्ली आया था। कस्टम अधिकारी एयरपोर्ट से बाहर जाने वाले संदिग्ध यात्रियों पर नजर बनाए हुए थे। तभी उनकी नजर उस संदिग्ध भारतीय यात्री पर पड़ी। वह ग्रीन चैनल पार कर जैसे ही एयरपोर्ट से बाहर निकलने की जुगत में था तभी कस्टम अधिकारियों ने उसे दबोच लिया। बाद में उसके सामान की जांच की गई वहीं यात्री के शरीर की तलाशी ली गई। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी तस्कर दुबई से सीधा दिल्ली न आकार वह पहले केन्या व बाद में आदिस अबाबा गया। वहां से उसने दिल्ली की फ्लाइट पकड़ी थी। तस्कर को गिरफ्तार कर उससे यह पता लगाया जा रहा है कि वह कहां से सोना लेकर आया था और उसे कहां खपाया जाना था।
स्रोत : दैनिक जागरण