नई दिल्ली : इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (आइजीआइ) पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी में विदेशी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। विदेशी तस्कर मिलान से दिल्ली आया था। उसे एक भारतीय तस्कर को सोना सौंपना था। उनके पास से 2.98 किलो सोना बरामद किया गया है। बरामद सोने की कीमत करीब 80 लाख रुपये है।
सोना जब्त कर तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस महीने एयरपोर्ट पर अब तक 13 किलोग्राम सोना जब्त किया जा चुका है। कस्टम अधिकारियों ने बताया कि मिलान से एयर इंडिया की फ्लाइट सोमवार सुबह आइजीआइ एयरपोर्ट पर आई थी। उस फ्लाइट से आया एक इटली नागरिक संदिग्ध परिस्थिति में ग्रीन चैनल पार करने की जुगत में था। तभी कस्टम के इंटेलिजेंस स्टाफ ने उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर इलेक्टिक मोटर की बैटरी से 2.98 किलोग्राम सोना बरामद हुआ। आरोपी यात्री लुपोली अलेसेंडरो ने बताया कि सोना विमल कुमार को सौंपना था। उसने बताया कि वह उसका एयरपोर्ट के बाहर इंतजार कर रहा है। इसके बाद कस्टम ने विमल कुमार को भी दबोच लिया। इससे पहले 9 सितंबर को कस्टम विभाग ने सोना तस्करी के मामले में दो महिलाओं सहित तीन अफगानी तस्करों को दबोचा था।
उनके पास से 8.23 किलोग्राम सोना बरामद किया गया था। इसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है। अधिकारी के मुताबिक अफगानी तस्कर महिला काबुल से दिल्ली एयरपोर्ट पर आई थीं। उन्होंने बरामद सोना कमर में बेल्ट के सहारे बांध रखा था। आरोपियों की पहचान नवैदा वाहिदी, तोरपिकाई और खालिद के रूप में हुई थी।
स्रोत : दैनिक जागरण