कस्टम की नाक के नीचे से गायब हुए 21 करोड़ के लाल चंदन

मुंबई : मुंबई के पास जवाहर लाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट स्थित कस्टम हाउस से करीब 21 करोड़ रुपये के लाल चंदन के गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंटेलिजेंस अफसरों ने करीब 64 मीट्रिक टन अवैध लाल चंदन जब्त किया था, जो कस्टम अफसरों के नाक के नीचे से रहस्मयी तरीके से लापता हो गया। पुलिस और कस्टम विभाग इसकी जांच कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2015-16 में जवाहर लाल नेहरू कस्टम हाउस स्थित तीन कंटेनर फ्रेट स्टेशन से 64 मीट्रिक टन लाल चंदन गायब हो गए। कस्टम के प्रिंसिपल कमिश्नर राजीव टंडन ने बताया कि कस्टम और स्थानीय पुलिस के सहयोग से इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस केस में कई जिम्मेदार लोगों को सस्पेंड भी किया गया है।
उन्होंने बताया कि एक कंटेनर फ्रेट स्टेशन से गायब हुए करीब पांच करोड़ के लाल चंदन को बरामद कर लिया गया है। शेष दो की जांच अभी जारी है। कस्टम विभाग स्थानीय पुलिस के साथ इस मामले की जांच पूरी होने के बाद उपयुक्त कानून के तहत उचित कार्रवाई करेगा। तीनों मामलों में संबंधित कंटेनर फ्रेट स्टेशन द्वारा केस दर्ज करा दिया गया था।
इंडिया टुडे ने जब इस मामले की स्थानीय पुलिस से तस्दीक की, तो तीन में से एक केस सही पाया गया। डीसीपी विश्वास पंधारे ने बताया कि हमारे पास 15 मीट्रिक टन लाल चंदन गायब होने की केस दर्ज कराई गई थी। इस केस में करीब 22 आरोपी जुड़े हुए हैं, जिनमें से 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चार आरोपी फिलहाल फरार हैं। जांच जारी है।
सौजन्य से : आज तक

You are Visitor Number:- web site traffic statistics